बांदा जिले में ऑपरेशन ईगल के तहत बड़ी कार्रवाई, थाना पैलानी पुलिस ने घर में छिपाकर की जा रही गांजे की खेती पकड़ी। आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद।
संतोष कुमार सोनी के साथ सुशील कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नशे के खिलाफ छेड़े गए “ऑपरेशन ईगल” अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चल रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत थाना पैलानी क्षेत्र में सोमवार को गांजे की अवैध खेती पकड़ी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अलोना निवासी एक व्यक्ति द्वारा अपने ही घर में गांजे की खेती किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पैलानी पुलिस ने छापा मारा और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी और बरामद माल
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनीराम वर्मा उर्फ छोटे वर्मा निवासी ग्राम अलोना, थाना पैलानी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर में बने एक बाड़े से 42.8 किलोग्राम हरा गांजा और 750 ग्राम सूखा गांजा बरामद किया है। आरोपी ने यह अवैध खेती छुपकर अपने घर के अंदर कर रखी थी, जिससे वह अवैध मुनाफा कमाने की कोशिश कर रहा था।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20/20(a) एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना पैलानी में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
सराहनीय टीम व पुलिस अधीक्षक की प्रतिक्रिया
इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में शामिल थे:
प्रभारी निरीक्षक सुखराम सिंह, हेड कांस्टेबल महेश्वर त्रिपाठी, कांस्टेबल प्रवेश पटेल, कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, महिला कांस्टेबल रितु तिवारी
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।