आजमगढ़ जिले के शाहपुर गांव में जमीन विवाद के चलते खूनी संघर्ष हो गया। गुस्से में आकर एक युवक ने दो लोगों पर गोली चला दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस ने जांच शुरू की।
जगदंबा उपाध्याय की रिपोर्ट
आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश), उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहानागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में रविवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और फिर गोलीबारी में तब्दील हो गई। इस खूनी संघर्ष में दो लोगों को गोली लगी, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सेफ्टी टैंक बना विवाद की वजह
दरअसल, शाहपुर गांव निवासी गुड्डू सिंह अपने घर के पास सेफ्टी टैंक बनवा रहे थे। तभी उनके पट्टीदार अभिषेक सिंह और बृजमोहन सिंह ने निर्माण का विरोध किया। शुरू में मामला कहासुनी तक सीमित था, लेकिन विवाद ने तूल पकड़ लिया और मारपीट शुरू हो गई।
गुस्से में बेटे ने चलाई गोली
मामला तब और बिगड़ गया जब गुड्डू सिंह का बेटा, गुस्से में आकर घर से लाइसेंसी पिस्टल निकाल लाया और मौके पर ही फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से अभिषेक और बृजमोहन गंभीर रूप से घायल हो गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस सनसनीखेज घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग युवक को रोकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वह लगातार फायरिंग करता नजर आता है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल ने बताया कि एक व्यक्ति को कमर में और दूसरे को पेट में गोली लगी है, लेकिन दोनों की हालत अब स्थिर है।
वहीं आरोपी युवक फिलहाल फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी हैं और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।