Explore

Search
Close this search box.

Search

1 April 2025 8:14 am

बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 बाल श्रमिक मुक्त

85 पाठकों ने अब तक पढा

आजमगढ़ में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई! प्रशासन ने 10 बाल श्रमिकों को मुक्त कर प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। जानें पूरी खबर और बाल श्रम उन्मूलन अभियान की अहम जानकारी।

आजमगढ़। बाल श्रम उन्मूलन और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए अखिल भारतीय बाल बचाव एवं पुनर्वास अभियान के तहत आजमगढ़ जिले में शुक्रवार को एक विस्तृत अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, लखनऊ और राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR), नई दिल्ली के निर्देशों पर की गई।

प्रशासन की सख्त कार्रवाई

इस अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) के पर्यवेक्षण में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान मुबारकपुर और सिधारी थाना क्षेत्रों के कई प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों, ढाबों, रेस्टोरेंट, ऑटोमोबाइल दुकानों और गैरेजों की सघन जांच की गई।

10 बाल श्रमिक मुक्त, सख्त चेतावनी जारी

अभियान के दौरान कुल 10 बच्चों को बाल श्रम करते हुए पकड़ा गया। मौके पर ही परिजनों को बुलाकर बच्चों को सुपुर्द किया गया, साथ ही कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में बच्चों से मजदूरी न कराई जाए। वहीं, संबंधित प्रतिष्ठानों के मालिकों के खिलाफ श्रम अधिनियम के उल्लंघन के तहत नोटिस जारी की गई।

जागरूकता अभियान और सख्त नियमों की जानकारी

संयुक्त टीम ने दुकानदारों और आम जनता को बाल श्रम के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया। इसके तहत प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, मिठाई की दुकानों, ढाबों, बेकरियों, ऑटोमोबाइल दुकानों और गैरेजों पर “बाल श्रम न कराने” संबंधी पोस्टर चस्पा किए गए। इसके अलावा, आपातकालीन सहायता के लिए प्रशासन द्वारा जारी टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों – 108, 112, 1090, 1930, 1098, 1076, 181 आदि की जानकारी दी गई।

अभियान में शामिल अधिकारी

इस अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी रोहित प्रताप और विशाल श्रीवास्तव, थाना AHT के उपनिरीक्षक उमेश कुमार, कांस्टेबल आशीष प्रताप सिंह और महिला कांस्टेबल सुप्रिया पाल शामिल रहे।

भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाल श्रम उन्मूलन के लिए भविष्य में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके। यह अभियान बाल श्रम के खिलाफ एक बड़ा कदम साबित हुआ है।

➡️जगदम्बा उपाध्याय की रिपोर्ट

samachardarpan24
Author: samachardarpan24

जिद है दुनिया जीतने की

Leave a comment