जगदंबा उपाध्याय की रिपोर्ट
आजमगढ़ में मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक तूफानी सरोज ने अपनी बेटी और मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई को लेकर एक अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि दोनों ही मेच्योर हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में सफल हैं। एक तरफ रिंकू सिंह क्रिकेट की दुनिया में चमक बिखेर रहे हैं, तो दूसरी ओर प्रिया सरोज राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ बना रही हैं।
सगाई की तारीख पर क्या कहा विधायक ने?
तूफानी सरोज ने बताया कि संसद का सत्र 31 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा और इस दौरान क्रिकेट का ट्वेंटी-ट्वेंटी मुकाबला भी शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा, “दोनों अपनी-अपनी व्यस्तताओं के अनुसार हमें बताएंगे कि उनके पास समय कब है। उसी के अनुसार सगाई की तारीख तय की जाएगी।”
अंतरजातीय विवाह पर दिया जोर
सपा विधायक ने अंतरजातीय विवाह को समाज के लिए एक मजबूत पहल बताते हुए कहा कि यह जातिवाद को खत्म करने का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का हवाला देते हुए कहा कि अंतरजातीय विवाह से जातिगत भेदभाव समाप्त होता है। “हम बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलने वाले लोग हैं और इसी दिशा में काम कर रहे हैं,” उन्होंने कहा।
प्रिया सरोज की राजनीति पर सवालों का जवाब
जब प्रिया सरोज की शादी के बाद उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर सवाल पूछा गया, तो तूफानी सरोज ने कहा, “राजनीति करने का निर्णय पूरी तरह से प्रिया का है। जब तक किसी का मन होगा, वह राजनीति करेगा। यह व्यक्तिगत निर्णय है, इसमें राजनीति का कोई लेना-देना नहीं है।”
भाजपा पर साधा निशाना
तूफानी सरोज ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और बाबा साहेब के विचारों का सम्मान नहीं करती। गृहमंत्री अमित शाह के बयानों को लेकर उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और सच्चाई से वाकिफ है।
जनता भाजपा से ऊब चुकी है
सपा विधायक ने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों और कार्यशैली से पूरी तरह निराश हो चुकी है। उन्होंने हाल के उपचुनावों में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “लोकतंत्र को शर्मसार करने वाले काम भाजपा सरकार में हुए हैं। पुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं पर रिवाल्वर तानना और वोट डालने से रोकना लोकतंत्र की हत्या है। लेकिन जनता इनसे जल्द ही हिसाब लेगी।”

2027 के चुनाव पर सपा की तैयारी
तूफानी सरोज ने 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सपा की रणनीति पर बात करते हुए कहा कि पार्टी पूरी मजबूती से तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा, “हमने अपने कमजोर बूथों को मजबूत करने का काम शुरू कर दिया है। 2027 में सपा बंपर सीटों के साथ सरकार बनाएगी। जनता का भरोसा हम पर है, और भाजपा को करारी शिकस्त मिलेगी।”
समाज में नई पहल का संदेश
तूफानी सरोज के इस बयान ने राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा को नया मोड़ दिया है। प्रिया सरोज और रिंकू सिंह के रिश्ते को लेकर जहां राजनीतिक गलियारों में हलचल मची है, वहीं अंतरजातीय विवाह को बढ़ावा देने का संदेश भी व्यापक रूप से चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह है कि सगाई की तारीख कब तय होती है और यह पहल समाज पर किस तरह से प्रभाव डालती है।

Author: जगदंबा उपाध्याय, मुख्य व्यवसाय प्रभारी
जिद है दुनिया जीतने की