google.com, pub-2721071185451024, DIRECT, f08c47fec0942fa0
आज का मुद्दा
Trending

गांधी आज भी जीवंत हैं

IMG-20250425-WA1484(1)
IMG-20250425-WA0826
IMG-20250502-WA0000
Light Blue Modern Hospital Brochure_20250505_010416_0000
IMG_COM_202505222101103700

अनिल अनूप

गांधी ने बार-बार कहा है कि मैंने न कुछ नया किया और न दिया, जो समाज और परंपरा में गहरे बसा था, वक्त आने पर उसी की याद दिला दी। इस आंदोलन में ठीक ऐसा ही हुआ।

21वीं सदी के तीसरे दशक का पहला साल कोई साधारण साल नहीं था। हर हिसाब से यह असाधारण और ऐतिहासिक था। आजादी के बाद के 74 सालों में इसने हमारे लोकतंत्र को नए सिरे से परिभाषित किया। यह साल ऐसा रहा जिसने देश और दुनिया को अहसास कराया कि ‘लोक अगर ठान ले तो उसे लोकतंत्र से अलहदा करना मुमकिन नहीं है। गांधी के जन्म के 152 साल बाद यह उनके फिर से अवतरण का साल है। गांधी तो केवल एक ही थे, लेकिन इस साल लाखों गांधी एक साथ-एक विशाल समूह में खड़े थे। लाखों किसानों ने गांधी को 384 दिन तक जिया। इन दिनों ने उत्सुकता से आंदोलन की तरफ देखने वाले करोड़ों लोगों को बताया कि गांधी केवल इतिहास की किताबों में ही नहीं हैं, बल्कि आज भी एक जीवंत सार्वजनिक उपस्थिति हैं। और, जब तक यह उपस्थिति है, हमारा लोकतंत्र किसी भी अहंकारी को उसके हथियार डालने और माफीनामा पेश करने को मजबूर कर सकता है। इसे चाहें तो अहिंसक प्रतिरोध कहें या सिविल नाफरमानी। 2021 का साल लोकतंत्र के साथ लगे इन नए विशेषणों के लिए जाना जाएगा। यह हिंदुस्तान के किसानों की ओर से गांधी को एक मार्मिक, जीवंत और गौरव से भरपूर श्रद्धांजलि है। आजादी के बाद के सालों में गांधी के प्रति इससे बेहतर सम्मान अन्य किसी समुदाय ने नहीं जताया। बाकी के लोगों में से कुछ तो इस दौर में गोडसे का मंदिर बनाने, उसकी पूजा करने और उसे महान राष्ट्रवादी होने का प्रमाणपत्र देने में मशगूल थे, तो कुछ लोग गांधी को भाषणों में उतार रहे थे, उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान कर रहे थे, बस चल भर नहीं रहे थे। अकेले किसान थे, जो गांधी को किताबों और भाषणों से बाहर निकालकर दिल्ली की सीमाओं पर ले गए। विराट बहुमत के अहंकार ने किसानों के रास्तों को कीलों, सीमेंट की दीवारों और हथियारबंद पुलिस से रोका। यहां तक कि देश की सबसे बड़ी कचहरी ने कहा कि ‘आपने बाहर से दिल्ली का दम घोंट दिया है। लेकिन सत्ता की यह हेकड़ी अहिंसा के अमूर्त हथियार के सामने टिक नहीं सकी।

किसानों का यह आंदोलन दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जाति, वर्ग, संप्रदाय और धर्म की बागुड़ लांघकर आगे बढ़ा और गांधी की सिविल नाफरमानी की यादें ताजा कर दीं। नई पीढ़ी अगर चाहे तो भारत छोड़ो आंदोलन, असहयोग आंदोलन, खिलाफत आंदोलन, नमक सत्याग्रह और चंपारण सत्याग्रह के फोटोग्राफ्स से किसान आंदोलन के फोटोग्राफ्स का मिलान कर ले, उन्हें गांधी बार-बार नजऱ आएंगे। फर्क केवल एक ही दिखेगा कि इस आंदोलन में गांधी के कद का कोई नहीं था। लेकिन, गांधी खुद लाखों किसानों के चेहरों से उभरते महसूस किए जा सकते हैं, सबके चेहरों पर तेज भी गांधी सा ही था और वैसा ही अदम्य साहस और हिम्मत भी। संभवत: पूरी दुनिया का यह इकलौता आंदोलन था जिसका कोई एक नेता नहीं था। बल्कि दर्जनों किसान संगठनों के नेता मिलकर आंदोलन को नेतृत्व दे रहे थे और सब के सब अहिंसक और संयमी। औरतें मर्दों से कहीं भी पीछे नहीं थीं। वे बराबरी की भागीदारी कायम करने में अपनी भूमिका निभा रही थीं। गांधी के जेहन में ऐसी ही नारी तो थी। महिला सशक्तिकरण के खोखले नारों और कार्यक्रमों से परे सशक्त महिला कैसी हो यह इस आंदोलन में जाहिर हुआ। आंदोलन में उनकी सहभागिता स्वस्फूर्त थी, इसका प्रबंधन नहीं किया जा सकता। 384 दिनों तक लगातार चला यह आंदोलन इन लाखों औरतों और मर्दों पर भार नहीं था। उन्होंने इसे आनंद के साथ जिया। ‘अन्नपूर्णा कैसी होती है, इसके विराट स्वरूप का साक्षात प्रकटीकरण यहां देखा गया। औरतें केवल आंदोलन स्थल पर ही नहीं थीं। वे बड़ी संख्या में पुरुषों की गैरहाजिरी में मैदानों में खेती की देखभाल कर रही थीं। उन्होंने रसद आपूर्ति की जंजीर कभी टूटने नहीं दी। ऐसा नहीं था कि इस आंदोलन को तोडऩे, बांटने, बहलाने, लड़ाने और हिंसा उकसाने की कोशिशें नहीं की गईं। ऐसी कोशिशें बहुत हुईं। अफवाह तंत्र, इलेक्ट्रानिक मीडिया और तथाकथित सोशल मीडिया ने यह भ्रम फैलाने में कोई यत्न न छोड़ा कि आंदोलन बिखर गया है।

एक समय ऐसा भी आया जब मीडिया ने आंदोलन को पूरी तरह से अनदेखा कर दिया। इसे हिंसक रूप देने की भी कोशिशें हुई, लेकिन किसानों ने संयम से काम लिया और आंदोलन में अपनी संलग्नता और परिपक्वता भी कम न होने दी। किसानों के सात सौ से ज्यादा साथी शहीद हुए, लेकिन इसका कोई रोना-धोना नहीं था। खेती-किसानी पिछड़ गई थी, इसका अहसान किसानों ने नहीं जताया। किसानों में यह विश्वास जरूर गहरा था कि देश के दूरदराज के किसानों का समर्थन उनके साथ है। उन्होंने माना कि जो किसान जहां हैं, वे वहां आंदोलन के नुमाइंदे हैं। गांधी ने बार-बार कहा है कि मैंने न कुछ नया किया और न दिया, जो समाज और परंपरा में गहरे बसा था, वक्त आने पर उसी की याद दिला दी। इस आंदोलन में ठीक ऐसा ही हुआ। किसानों ने तीनों कृषि कानूनों को एक क्षण भी स्वीकार नहीं किया। उन्हें ये कानून सरकार और कारपोरेट घरानों का याराना लगते थे। तीन कृषि कानून वापस लेने और खेती से जुड़े मसलों के अलावा अंत तक उनकी अन्य कोई मांग न थी। उन्होंने सिर्फ अपने अधिकार चाहे थे, कोई खैरात नहीं। गांधी ने सन् 1909 यानी कोई 113 साल पहले हिंद स्वराज में राजा, किसान, सत्याग्रह और स्वराज की बात करते हुए लिखा है कि ‘आप हिंदुस्तान का अर्थ मुठ्ठी भर राजा करते हैं। मेरे मन में तो हिंदुस्तान का अर्थ वे करोड़ों किसान हैं, जिनके सहारे राजा और हम सब जी रहे हैं। राजा तो हथियार काम में लाएंगे ही। उनका यह रिवाज ही हो गया है। उन्हें हुक्म चलाना है। लेकिन हुक्म मानने वाले को तोप बल की जरूरत नहीं है। दुनिया के ज्यादातर लोग हुक्म मानने वाले हैं। उन्हें सत्याग्रह का बल सिखाना चाहिए। जहां हुक्म मानने वालों ने सत्याग्रह करना सीखा है वहां राजा का जुल्म उसकी तीन गज की तलवार से आगे नहीं जा सकता और हुक्म मानने वालों ने अन्यायी हुक्म की परवाह भी नहीं की है।

किसान किसी के तलवार बल के बस न तो कभी हुए हैं और न होंगे। वे तलवार चलाना नहीं जानते, न किसी की तलवार से डरते हैं। वे मौत को हमेशा अपना तकिया बनाकर सोने वाली महान प्रजा हैं। उन्होंने मौत का डर छोड़ दिया है, इसलिए सबका डर छोड़ दिया है। बात यह है कि किसानों ने अपने और राज्य के कारोबार में सत्याग्रह को काम में लिया है। जब राजा जुल्म करता है तब प्रजा रूठती है। यह सत्याग्रह ही है। मुझे याद है कि एक रियासत में रैयत को अमुक हुक्म पसंद नहीं आया, इसलिए रैयत ने गांव खाली करना शुरू कर दिया। राजा घबड़ाया। उसने रैयत से माफी मांगी और हुक्म वापस ले लिया। ऐसी मिसालें तो बहुत मिल सकती हैं। ऐसी रैयत जहां हैं वहीं स्वराज है। इसके बिना स्वराज कु-राज्य है। यह तो हुई गांधी और किसानों के अंतरसंबंधों की बात। गांधी ने तो एक बात राजा के लिए भी कही है, जिसे हमारे कई राजाओं ने बार-बार दोहराया है, लेकिन इस बार राजा चूक गया। बात कुछ यूं है, ‘तुम्हें एक जंतर देता हूं। जब भी तुम्हें यह संदेह हो या तुम्हारा अहम तुम पर हावी होने लगे तो यह कसौटी आजमाओ, जो सबसे गरीब और कमजोर आदमी तुमने देखा हो, उसकी शक्ल याद करो और अपने दिल से पूछो कि जो कदम तुम उठाने का विचार कर रहे हो, वह उस आदमी के लिए कितना उपयोगी होगा। क्या उससे उसे कुछ लाभ पहुंचेगा। क्या उससे वह अपने जीवन और भाग्य पर कुछ काबू रख सकेगा? यानी क्या उससे उन करोड़ों लोगों को स्वराज्य मिल सकेगा जिनके पेट भूखे हैं और आत्मा अतृप्त है? तब तुम देखोगे कि तुम्हारा संदेह मिट रहा है और अहम समाप्त होता जा रहा है। अहंकारी सरकार लंबे चले आंदोलन में किसानों के साथ न्याय नहीं कर सकी, लेकिन इतिहास जरूर न्याय करेगा। इतिहास सिंधु, टिकरी और गाजीपुर के मैदानों को पानीपत और पलासी के मैदानों में हुई लड़ाइयों के समकक्ष दर्ज करेगा। 

88 पाठकों ने अब तक पढा
samachardarpan24
Author: samachardarpan24

जिद है दुनिया जीतने की

[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UU7V4PbrEu9I94AdP4JOd2ug&layout=gallery[/embedyt]
Tags

samachardarpan24

जिद है दुनिया जीतने की
Back to top button
Close
Close