
हरदोई में पुलिस ने शादी के नाम पर लूट करने वाले एक लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़ किया है। नकदी और जेवरात के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार। पढ़ें पूरी खबर।
हरदोई (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में कोतवाली पुलिस ने एक शातिर लुटेरी दुल्हन गैंग का खुलासा किया है, जो शादी के नाम पर लोगों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देता था। इस गिरोह में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं, जो अविवाहित और उम्रदराज व्यक्तियों को अपना शिकार बनाते थे। पुलिस ने इस गिरोह की दो महिलाओं को नकदी और जेवरात के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य सदस्य अब भी फरार है।
शादी के नाम पर ठगी का जाल
पुलिस के अनुसार, यह गैंग अब तक हरदोई सहित कई जिलों में कुल 13 से अधिक वारदातें कर चुका है। इनकी कार्यशैली बेहद शातिराना थी। सबसे पहले यह लोग ऐसे पुरुषों की तलाश करते थे जो या तो अविवाहित हों या उम्रदराज और शादी के इच्छुक हों। इसके बाद दो महिलाओं को युवती की मां और मौसी बनाकर रिश्ता तय किया जाता था।

एक बार रिश्ता तय हो जाने के बाद, मंदिर या रजिस्ट्रार ऑफिस में विधिवत शादी कराई जाती थी। जैसे ही दुल्हन ससुराल पहुंचती, वह अपने ससुराल वालों को चाय या खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर देती और घर में रखे नकदी व गहने लेकर फरार हो जाती।
FIR के बाद खुला राज
यह पूरा मामला तब सामने आया जब संडी थाना क्षेत्र के नवाबगंज निवासी नीरज गुप्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। नीरज ने बताया कि चिरागपुर बेहटी निवासी प्रमोद नामक व्यक्ति ने अपनी पोती की शादी नीरज से करवाई थी। रजिस्ट्रार ऑफिस में दस्तावेजों की औपचारिकता पूरी होने के बाद दुल्हन ने शादी के गहने पहने और मौका पाकर फरार हो गई।
तीन महिलाएं गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोनार थाना क्षेत्र से तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें पूजा उर्फ सोनम, आशा उर्फ गुड्डी और सुनीता शामिल हैं। हालांकि, गिरोह का मुख्य संचालक प्रमोद अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पूछताछ से खुल सकते हैं और राज
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और संभावना है कि इस गिरोह से जुड़ी और भी घटनाएं उजागर हो सकती हैं। फिलहाल, आरोपियों से पूछताछ के जरिए अन्य जिलों में की गई वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
➡️ठाकुर बख्श सिंह की रिपोर्ट