Explore

Search
Close this search box.

Search

12 February 2025 6:24 pm

लेटेस्ट न्यूज़

आवारा कुत्तों का आतंक ; 200 से अधिक लोग रोजाना हो रहे कुत्तों का शिकार, शिकायत के बावजूद नगर निगम है मौन

50 पाठकों ने अब तक पढा

जीशान मेंहदी की रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कुत्तों के आतंक से बच्चे ही नहीं बड़े बूढ़े भी दहशत में है। शहर के तमाम इलाकों में लोग अपने बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकलने देते। राजधानी में रोजाना 200 से ज्यादा लोग आवारा कुत्तों का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीण इलाकों के मुकाबले शहर में कुत्तों का ज्यादा आतंक है। यह आंकड़े सरकारी अस्पतालों में लग रहे रैबीज के इंजेक्शन बता रहे हैं। इंजेक्शन लगवाने वालों में 30 प्रतिशत बच्चे हैं।

ठाकुरगंज में कुत्तों के हमले में बुधवार को सात साल के रजा की मौत हो गई। वहीं रजा की पांच साल की बहन जन्नत फातिमा बुरी तरह घायल हो गई। बच्चे रजा की मौत के बाद घटनास्थल पर आस पास के लोगों की भीड़ जुट गयी। लोगों ने नगर निगम के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। नाराज लोगों ने देर रात कोतवाली का भी घेराव किया। लोगों का कहना था कि कई बार लोगों ने कुत्तों के आतंक के बारे में नगर निगम में शिकायत की पर सुनवाई नहीं हुई।

ठाकुरगंज इंस्पेक्टर हरिशंकर चंद ने किसी तरह लोगों को समझा कर शांत कराया। लोगों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग की। इसके बाद रजा के पिता शबाब ने रिश्तेदारों के साथ बेटे का अंतिम संस्कार किया।

लोगों को उग्र देख वापस लौटी नगर निगम की टीम

लोगों का गुस्सा बढ़ता देख नगर निगम की टीम कुत्तों को पकड़ने पहुंची। नगर निगम की गाड़ियां देखते ही लोग आक्रोशित हो गए। नगर निगम के लोगों ने वापस लौटना बेहतर समझा। अधिकारियों ने बताया कि फिर से कुत्तों को पकड़ने के लिए जाएंगे। शहर में कुत्तों की नसबंदी की जिम्मेदारी इंटरनेशनल संस्था को दी है।  ह्यूमन सोसाइटी नाम की इंटरनेशनल संस्था नसबंदी करती है। नगर निगम ने अस्पताल और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए हैं।

बुधवार को ठाकुरगंज में कुत्ता काटने से मामसू की मौत की घटना से लोग सहमे हुए हैं। शहर के 70 प्रतिशत इलाकों में कुत्तों का आतंक है। नगर निगम के आंकड़ों के विपरीत इन इलाकों में हजारों की संख्या में कुत्ते हैं। जिनसे लोग आतंकित हैं। लखनऊ में कुत्तों के काटने से जितने लोग जख्मी हो रहे हैं उससे ज्यादा गिरने की वजह से जख्मी हो रहे हैं। नगर निगम में जो शिकायतें आयी हैं उनमें से ज्यादातर ऐसी ही हैं। सबसे ज्यादा शिकायतें बच्चों पर हमला की हैं। ढाई वर्षों में 1034 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें ज्यादातर बच्चों के लिए की गई हैं।

पुराने लखनऊ में आवारा कुत्तों का ज्यादा आतंक

पुराने लखनऊ के इलाकों में आवारा कुत्तों का ज्यादा आतंक है। बलरामपुर अस्पताल के रैबीज वैक्सिनेशन प्रभारी डॉ. विष्णु देव बताते हैं कि यहां रोज 150 से ज्यादा लोग रैबीज का इंजेक्शन लगवाने आते हैं। पुराने लखनऊ के सबसे ज्यादा लोग होते हैं। टीबी अस्पताल व सिविल अस्पताल में रैबीज इंजेक्शन लगवाने आने वालों में 60 फीसदी लोग पुराने लखनऊ के इलाकों के हैं। सबसे ज्यादा चौक, चौपटिया, नक्खास, मौलवीगंज, सआदतगंज, ऐशबाग, कैसरबाग आदि इलाके के लोग हैं। वहीं मुबारक का हाता, पजावा कब्रिस्तान वाली गली, नानक नगर, मुसाहिबगंज पार्क, गिरधारीलाल माथुर रोड, मल्लाही टोला पुलिया, जाफिरया कॉलानी में सबसे ज्यादा आतंक है।

बच्चों को मारने वाले और अन्य 53 कुत्ते पकड़े गए

कुत्ता काटने से हुई बच्चे की मौत के बाद नगर निगम जागा है। निगम ने अभियान चलाकर गुरुवार को 53 कुत्ते पकड़े। यह कुत्ते ठाकुरगंज, मुसाहिबगंज तथा हैदरी इमामबाड़ा के आसपास से पकड़े गए हैं। उन कुत्तों को भी पकड़ लिया गया है जिन्होंने हमला किया था। इन्हें नगर निगम के जराहरा स्थित एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर में रखा गया है।

कुत्ता काटने की घटना के बाद नगर निगम प्रशासन की नींद खुली है। अधिकारियों के मुताबिक कुत्तों का परीक्षण करने के बाद नसबंदी की जाएगी। जो दो कुत्तों ने हमला किया था उनको आइसोलेशन में रखा गया है। व्यवहार का अध्ययन होगा। इसके बाद उन पर फैसला होगा।

वृंदावन में कुत्ते ने बच्चे को काटा

एल्डिको सौभाग्य वृंदावन योजना में गुरुवार को कुत्ते ने एक बच्चे को काट लिया। हादसे के वक्त बच्चा अपार्टमेंट में खेल रहा था। इसी दौरान कुत्ते ने बच्चे को दौड़ाकर हाथ में काट लिया। इससे पूरे अपार्टमेंट के लोग दहशत में है। पिता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है।

पीड़ित बसंत कुमार अवस्थी ने बताया कि मेरा सात साल का बेटा अथर्व अवस्थी टॉवर नंबर सात के सामने खेल रहा था। वहीं पर टॉवर सात फ्लैट नंबर एक के निवासी डा. भास्कर अपने जर्मन शेफर्ड प्रजाति के कुत्ते को टहला रहे थे। चेन से बंधा होने के बाद भी उसने काट लिया। घटना से आहत बसंत ने वृंदावन चौकी पर सुनवाई न होने के बाद सीएम पोर्टल पर शिकायत की।

निगम का दावा: 35000 ही हैं कुत्ते

नगर निगम के संयुक्त निदेशक पशु कल्याण अरविंद राव का कहना है कि शहर में 2 वर्ष पहले लगभग 70000 कुत्ते थे। लगभग 34332 कुत्तों की नसबंदी हो गई है। लगभग इतने ही कुत्ते बचे होने का अनुमान है। कुत्तों को पकड़ने के लिए शहर में रोजाना 7 गाड़ियां दौड़ती हैं। 50 से अधिक कर्मचारी रोजाना कुत्तों को पकड़ते हैं। पकड़ कर इन्हें नगर निगम के अस्पताल में ले जाते हैं। 70 से 80 कुत्तों के रोज पकड़ना दिखाया जाता है। इसके बाद अस्पताल में इनका बंध्याकरण करवाया जाता है।

80 से 90 लोगों को रोज काट रहे

राजधानी में 80 से 90 लोगों को रोजा कुत्ते काट रहे हैं। यह आंकड़ा चिकित्सा विभाग का है। बलरामपुर, सिविल अस्पताल, रानी लक्ष्मीबाई, लोकबंधु, लोहिया अस्पताल सहित नौ सीएचसी पर इतने लोगों को कुत्ता काटने का टीका लग रहा है। लगभग इतने ही लोग पुराने टीका लगाने के लिए आ रहे हैं। लगभग 160 से 170 के बीच राजधानी के सभी अस्पतालों में नए व पुराने लोग रेबीज का टीका लगाने आ रहे हैं। इन अस्पतालों में कुत्ता काटने का तरीका मुफ्त लगता है।

लोगों ने किया कुत्ते पकड़ने का विरोध: प्रशासन

पशु कल्याण नगर निगम के संयुक्त निदेशक अरविंद राव ने कहा कि कुत्तों की नसबंदी का नगर निगम में बहुत अच्छा अभियान चल रहा है। 34 हजार से अधिक कुत्तों की नसबंदी हो चुकी है। यह घटना दुखद है। इस मामले में कार्यवाही की जा रही है। कुत्ते पकड़ने के लिए गाड़ियां भेजी गई थी लेकिन लोगों ने विरोध कर दिया।

कुछ संस्थाओं ने भी बांध रखे हैं निगम के हाथ

कुत्तों के खिलाफ नगर निगम सीधी कार्यवाही नहीं कर पाता है। न एक जगह से पकड़ कर दूसरी जगह छोड़ सकता है। न ही इन्हें मार सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगाई है। नगर निगम के कुत्ता पकड़ने पर कई संस्थाएं विरोध पर उतर आती हैं। प्रदर्शन करती हैं। इस वजह से भी कुत्तों के खिलाफ नगर निगम ठोस अभियान नहीं चला पाता है।

999 में एक कुत्ते की नसबंदी

एक कुत्ते की नसबंदी पर नगर निगम ह्यूमन सोसाइटी इंटरनेशनल (एचएसआई) को 999 का भुगतान करता है। इस तरह 34332 कुत्तों की नसबंदी पर नगर निगम ने संस्था को 3.42 करोड़ का भुगतान किया है। एक कुत्ते की नसबंदी पर लगभग डेढ़ हजार का खर्च आता है।

कुत्तों की नसबंदी पर नगर निगम पिछले दो वर्षों में 3.42 करोड़ खर्च कर चुका है। फिर भी कुत्तों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। जिस संस्था को कुत्तों की नसबंदी की जिम्मेदारी दी है, उसने 34332 कुत्तों की नसबंदी का दावा किया है। संस्था 70 से 80 कुत्तों की रोज नसबंदी कर रही है। फिर भी शहर में कुत्ते कम नहीं हो रहे हैं। संख्या बढ़ती जा रही है।

कुत्तों के काटने से हुई बच्चे की मौत से लोग दहशत में हैं। लोगों का गुस्सा नगर निगम के प्रति काफी बढ़ गया है। कुत्ता पकड़ने तथा इनकी नसबंदी के लिए चल रहे अभियान के बारे में पता किया गया तो सामने आया कि काम तो चल रहा है लेकिन कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण नहीं लग रहा है। ऐसा क्यों हो रहा है इसका जवाब नगर निगम के अफसर भी नहीं दे पा रहे हैं।

samachar
Author: samachar

"कलम हमेशा लिखती हैं इतिहास क्रांति के नारों का, कलमकार की कलम ख़रीदे सत्ता की औकात नहीं.."

लेटेस्ट न्यूज़