हरीश चन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
बिलासपुर। दिल्ली में सत्ता गंवाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के लिए छत्तीसगढ़ से एक बड़ी खुशखबरी आई है। भाजपा शासित इस राज्य में हुए नगर निकाय चुनावों में अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने अपना खाता खोल दिया है।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले की बोदरी नगर पालिका में ‘आप’ की उम्मीदवार नीलम विजय वर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। यह सीट विशेष रूप से इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह विधानसभा अध्यक्ष धर्मराज कौशिक के क्षेत्र में आती है। इस चुनाव में नीलम विजय वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी को करीबी मुकाबले में 290 वोटों से हराया। इसके अलावा, बोदरी नगर पालिका में तीन पार्षदों ने भी जीत दर्ज की, जबकि कुसमी नगर निकाय में भी एक वार्ड में आम आदमी पार्टी ने परचम लहराया।
‘आप’ की जीत का महत्व
आम आदमी पार्टी की यह जीत इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि यह एक और राज्य में पार्टी की उपस्थिति को दर्शाती है। इससे पहले मध्य प्रदेश के निकाय चुनावों में सिंगरौली नगर निगम में ‘आप’ ने मेयर पद पर जीत दर्ज कर अपनी ताकत दिखाई थी।
‘आप’ की यह जीत ऐसे समय में आई है जब दिल्ली नगर निगम चुनावों में 10 साल के शासन के बाद पार्टी को बहुमत खोना पड़ा। इसके बावजूद पंजाब में ‘आप’ की पूर्ण बहुमत की सरकार है और पार्टी के विधायक गुजरात, गोवा और जम्मू-कश्मीर की विधानसभाओं में भी मौजूद हैं।
छत्तीसगढ़ में इस सफलता से दिल्ली से लेकर पूरे देश तक आम आदमी पार्टी के नेता और समर्थक उत्साहित हैं। ‘आप’ के पूर्व विधायक विनय मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (Twitter) पर लिखा,
“कहां तक रोक पाओगे AAP को? आज छत्तीसगढ़ में नगर निकाय चुनाव का रिजल्ट चल रहा है, वहाँ पर भाजपा के विधानसभा स्पीकर धर्मराज कौशिक के सीट पर भाजपा उम्मीदवार को हरा कर बिलासपुर की सबसे बड़ी नगर पालिका बोदरी नगरपालिका अध्यक्ष की सीट आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार नीलम विजय वर्मा ने जीत ली।”
छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में भाजपा का शानदार प्रदर्शन
हालांकि, छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। भाजपा ने सभी 10 नगर निगमों में जीत दर्ज की, साथ ही अधिकतर नगर पालिका परिषदों में भी भाजपा का परचम लहराया। कुछ सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों और कांग्रेस प्रत्याशियों ने भी जीत हासिल की है।
इस जीत के साथ ही आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कर दी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनावों में ‘आप’ इस राज्य में कितनी मजबूती के साथ अपनी पकड़ बना पाती है।

Author: जगदंबा उपाध्याय, मुख्य व्यवसाय प्रभारी
जिद है दुनिया जीतने की