Explore

Search
Close this search box.

Search

2 April 2025 4:28 pm

जी.एम. एकेडमी सलेमपुर में राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन, छात्र छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया

112 पाठकों ने अब तक पढा

इरफान अली लारी की रिपोर्ट

सलेमपुर, देवरिया। नगर के जी.एम. एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर एक विशेष राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दो दिवसीय था, जिसमें पहले दिन कक्षा 1 से 4 तक के विद्यार्थियों ने और दूसरे दिन कक्षा 5 से 12 तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में बच्चों के बीच खासा उत्साह देखा गया, विशेषकर बच्चियों में। सभी ने अपनी-अपनी कलात्मकता का परिचय देते हुए विभिन्न प्रकार की राखियों का निर्माण किया। कक्षा 1 से 4 के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने न केवल राखियां बनाईं बल्कि कुछ बच्चों ने उन्हें एक-दूसरे की कलाई पर बांधकर अपनी खुशी भी जाहिर की। कई बच्चों ने उत्साहित होकर कहा कि वे रक्षाबंधन के दिन इन्हीं राखियों को अपने भाइयों की कलाई पर बांधेंगे क्योंकि ये राखियां उन्हें बेहद पसंद आईं।

कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों में भी गजब का जोश दिखा, और कक्षा 9 से 12 तक की बच्चियों ने भी प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। देखिए मनमोहक चित्र-

सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं ने बच्चों को रक्षाबंधन पर्व के महत्व के बारे में अपने-अपने तरीके से जानकारी दी और उन्हें इसके सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहलुओं से अवगत कराया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन द्विवेदी ने खुद सभी कक्षाओं में जाकर बच्चों द्वारा बनाई गई राखियों का अवलोकन किया और उनकी प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए रक्षाबंधन पर्व की महत्ता पर चर्चा की और द्रौपदी-कृष्ण तथा कर्मवती-हुमायूं जैसी ऐतिहासिक कथाओं के माध्यम से इस पर्व की गहराई को समझाया। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी बच्चों और उनके परिवारों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं और बधाइयां दीं।

samachar
Author: samachar

"कलम हमेशा लिखती हैं इतिहास क्रांति के नारों का, कलमकार की कलम ख़रीदे सत्ता की औकात नहीं.."