विनीता राजवंशी की रिपोर्ट
भोपाल। पत्नी से विवाद और तानेबाजी से तंग आकर एक पति ने पत्नी का अपहरण करवा दिया। अपने दोस्त की मदद से पत्नी को एक दोस्त के साथ झूठ बोलकर भेज दिया। दोस्त ने अज्ञात जगह ले जाकर पत्नी को बंधक बना लिया और उसके दुष्कर्म भी किया।
इधर वापस घर आकर आरोपी पति ने घर वालों से कहा कि पत्नी आयुष्मान कार्ड बनवाने गई है। जब शाम तक महिला नहीं आई तो परिजन थाने जाकर गुमशुदगी दर्ज करवा आए।
पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन लोकेशन के आधार पर उसका पता लगा लिया। महिला ने अपने पति और उसके दोस्त की पूरी कारगुजारी पुलिस को बताई। नजीराबाद पुलिस ने आरोपी पति और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है।
नजीराबाद टीआई सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि मूलत: राजगढ़ की रहने वाली 23 वर्षीय महिला की शादी क्षेत्र के एक गांव में हुई है। उसके बच्चे भी हैं। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच लगभग रोज ही विवाद होता रहता था। इससे परेशान पति ने अपनी पत्नी को अविवाहित दोस्त राजगढ़ निवासी राजकुमार के हवाले करने की साजिश रच डाली।
आठ दिसंबर को उसने पत्नी से कहा कि राजगढ़ जिले में एक जमीन सिकमी पर मिल रही है। उसे देखने चलते हैं। काम पसंद आने पर वहीं खेती करेंगे।
उसकी बातों में आकर पत्नी, पति के साथ पैदल बस स्टैंड के लिए चल दी। योजना के तहत रास्ते में पति का दोस्त राजकुमार बाइक लेकर वहां पहुंचा। पति ने बहाने से पत्नी से बोला कि तुम राजकुमार के साथ राजगढ़ पहुंचो, मैं पीछे से आ रहा हूं। पत्नी उसकी बात मानकर राजकुमार के साथ चली गई। उधर, पति वापस घर लौट आया। दोस्त ने राजगढ़ ले जाकर पत्नी को बंधक बना लिया था।

Author: samachar
"कलम हमेशा लिखती हैं इतिहास क्रांति के नारों का, कलमकार की कलम ख़रीदे सत्ता की औकात नहीं.."