कमलेश कुमार चौधरी की रिपोर्ट
लखनऊ, गोमतीनगर इलाके में प्रेमजाल में फंसाकर किशोरी से दुष्कर्म करने वाले आरोपित अमरदीप उर्फ अमरजीत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने छह माह पूर्व किशोरी से दुष्कर्म किया और फिर भाग निकला। एडीसीपी पूर्वी सैयद अली अब्बास ने बताया कि आरोपित को हुसडिया सब्जी मंडी के पास से रविवार सुबह गिरफ्तार किया गया है। अमरजीत मूल रूप से बाराबंकी असन्दरा जरौली का रहने वाला है। अमरजीत यहां विनीत खण्ड में रहता था और फास्टफूड का ठेला लगाता था।
पड़ोस में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी को उसने प्रेमजाल में फंसाया। करीब छह माह पूर्व किशोरी घर पर अकेले थी। किशोरी के परिवारीजन का आरोप है कि अमरजीत घर पहुंचा। उसने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर किशोरी से दुष्कर्म किया। होश में आने पर किशोरी ने विरोध किया तो उसने धमकी दी। किशोरी गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी घर वालों को हुई तो उन्होंने विरोध किया।
इसके बाद आरोपित ने उन्हें भी धमकी दी। किशोरी के घरवालों ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपित ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाली। इसके बाद खुद भाग गया। इंस्पेक्टर गोमतीनगर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि शनिवार को किशोरी के घरवालों ने तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद सर्विलांस टीम की मदद से आरोपित को सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित को जेल भेज दिया गया।

Author: samachar
"कलम हमेशा लिखती हैं इतिहास क्रांति के नारों का, कलमकार की कलम ख़रीदे सत्ता की औकात नहीं.."