सुरेंद्र मिन्हास की रिपोर्ट
मनाली में आधी रात को अचानक हुए बादल फटने के कारण अंजनी महादेव नदी और आखरी नाले में भयंकर बाढ़ आ गई।
इस बाढ़ के चलते पलचान, रुआड, और कुलंग गांवों में भारी अफरा-तफरी मच गई। बाढ़ की तीव्रता इतनी अधिक थी कि नदी से आ रही डरावनी आवाज से हर कोई सहम गया।
पलचान में दो घर पूरी तरह बह गए हैं और एक घर को आंशिक रूप से नुकसान हुआ है। इसके साथ ही पुल और पावर प्रोजेक्ट को भी नुकसान पहुंचा है।
बाढ़ के दौरान लोग अपने घरों को छोड़कर भागने में सफल रहे, लेकिन उनके घर बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। पलचान और सोलंग के पास स्नो गैलरी में मलबा आ जाने से मनाली-लेह मार्ग भी बंद हो गया है।
मनाली प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
बाढ़ की वजह से धनी राम और खिमी देवी के घर बह गए हैं, जबकि सुरेश के घर को नुकसान हुआ है। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और पलचान से पतलीकूहल तक के निवासियों को सतर्क किया।
रात के लगभग एक बजे जब बाढ़ आई, तो नदी में तेज आवाज सुनकर गहरी नींद में सोए लोग भी जाग गए। नदी किनारे रहने वाले लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की। राहत कार्य अब भी जारी है और नुकसान का पूरा आकलन किया जा रहा है।

Author: samachar
"कलम हमेशा लिखती हैं इतिहास क्रांति के नारों का, कलमकार की कलम ख़रीदे सत्ता की औकात नहीं.."