टिक्कू आपचे की रिपोर्ट
महाराष्ट्र के पुणे (Pune) में बच्चे पैदा करने की उम्मीद में एक महिला को अमावस्या की रात जबरन इंसानी हड्डियों का चूरा चटाने का आरोप है। महिला का कहना है कि ससुराल वालों ने काले जादू की रस्म के तहत उसे मानव हड्डियों से बने पाउडर का सेवन करने के लिए मजबूर किया। इस मामले में 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पति, ससुरालवालों, तांत्रिक समेत 7 लोगों के खिलाफ FIR
DCP जोन-3, पुणे सुहैल शर्मा ने मामले के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “पुणे में गर्भ धारण करने की उम्मीद में एक महिला को काले जादू के तहत मानव हड्डियों से बने पाउडर का सेवन करने के लिए मजबूर करने के आरोप में पति, ससुराल वालों और एक तांत्रिक समेत 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज़ की गई है।”
डीसीपी सुहैल शर्मा ने बताया, “पति, ससुराल वालों और एक तांत्रिक समेत 7 लोगों के खिलाफ अंधविश्वास विरोधी अधिनियम की धारा 3 के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है। इसके साथ ही IPC की धारा 498A, 323, 504,506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। परिवार शिक्षित है। हम उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे।”
पुणे की इस महिला का कहना है कि बच्चे की चाहत में ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित किया। महिला का आरोप है कि उसे इंसानी हड्डियों का चूरा पानी के साथ पिलाया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे रस्मों के तहत एक झरने में नहाने के लिए भी मजबूर किया गया था। इस मामले में 28 वर्षीय पीड़िता ने बुधवार को सिंहगढ़ रोड थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अमावस्या की रात किया काला जादू (Black Magic)
पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता एक कंप्यूटर इंजीनियर है। अप्रैल 2019 में उसकी शादी हुई थी। तब से आरोपी ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और उसके पिता से पैसे और अन्य चीजों की मांग की।शादी के कई बाद भी उसे कोई बच्चा नहीं हुआ। जिसके बाद उसके पति और ससुराल वालों ने अमावस्या की रात काला जादू किया था। परिवार का मानना था कि इससे महिला गर्भवती हो जाएगी।
जबरन खिलाया इंसानी हड्डियों का पाउडर (Human Bones Powder)
शिकायत के अनुसार, फरवरी 2011 में इस तरह की एक रस्म के दौरान आरोपियों ने एक रिश्तेदार के यहां पूजा की, जिसके लिए वे मानव हड्डियां और अन्य सामान लेकर आए। उन्होंने हड्डियों को पीसकर पाउडर बना दिया और महिला को इसका सेवन करने को कहा। जब उसने इनकार कर दिया, तो उनमें से एक ने उस पर रिवाल्वर तान दी और उसे नशीला पदार्थ खाने के लिए मजबूर किया। महिला का आरोप है कि ऐसी घटनाएं और भी कई बार हुई हैं।
FIR के अनुसार, आरोपियों ने मई 2022 में उसे अपने घर से जबरन निकाल दिया। शिकायतकर्ता ने इस मामले में राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। फिर उसने पुलिस से संपर्क किया और एफ़आईआर दर्ज की।

Author: samachar
"कलम हमेशा लिखती हैं इतिहास क्रांति के नारों का, कलमकार की कलम ख़रीदे सत्ता की औकात नहीं.."