Explore

Search
Close this search box.

Search

23 February 2025 10:28 pm

लेटेस्ट न्यूज़

सपा नेता गायत्री प्रजापति के कई ठिकानों पर ईडी की रेड, कई जगह चल रही छापेमारी

64 पाठकों ने अब तक पढा

सर्वेश द्विवेदी की रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता गायत्री प्रजापति के ठिकानों पर ईडी ने छापा मारा है। ईडी की यह छापेमारी लखनऊ, अमेठी और मुंबई में 13 जगहों पर की जा रही है। 16 जनवरी को हुई छापेमारी के दौरान ईडी को गायत्री प्रजापति और उनके बेटों द्वारा रियल एस्टेट कंपनियों में निवेश के सबूत मिले थे।

पूर्व मंत्री के अमेठी घर पर छापेमारी के दौरान ईडी के कई अधिकारी मौजूद हैं। घर के बाहर सुरक्षा बल तैनात हैं। गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराजी देवी और छोटा बेटा अनुराग प्रजापति भी घर के अंदर मौजूद हैं। इसके अलावा गायत्री प्रजापति के करीबी के यहां भी ये छापेमारी हुई है। अमेठी के आवास विकास कॉलोनी और गंगागंज मोहल्ले में ईडी की ये छापेमारी चल रही है। इसके अलावा लखनऊ में एक महिला के घर पर भी रेड चल रही है।

गायत्री प्रजापति की करीबी महिला के नाम सुल्तानपुर रोड और गोसाईगंज में करोड़ों की जमीन है। यूपी पुलिस के एक बड़े अफसर से इस महिला का विवाद हुआ था तो अफसर के खिलाफ इसने FIR भी कराई थी। इससे पहले ईडी की टीम ने 16 जनवरी को गायत्री के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान अमेठी और लखनऊ में छानबीन हुई थी, जिसमें एजेंसी को गायत्री प्रजापति और उनके बेटों द्वारा रियल एस्टेट कंपनियों में निवेश के सबूत मिले थे।

ई़डी की जांच में गायत्री प्रजापति पर आरोप लगाया गया है कि प्रदेश के खनन मंत्री रहते हुए उन्होंने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया और अपने परिवार के सदस्यों, करीबी सहयोगियों और दोस्तों के नाम, आय से अधिक संपत्ति अर्जित की, जो पूरी तरह से अवैध है। उनकी आय के ज्ञात स्रोतों के मुकाबले ये संपत्ति कई गुना ज्यादा है। इसके चलते ईडी द्वारा यूपी, मुंबई और दिल्ली में छापेमारी की जा रही है।

गायत्री प्रजापति यूपी के पूर्व खनन मंत्री हैं और खनन घोटाले और रेप केस में वह 2017 में जेल में भी रहे थे। बता दें कि गायत्री की पत्नी महाराजी प्रजापति वर्तमान में विधायक हैं। सूत्रों के मुताबिक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ये छापेमारी की जा रही है।

samachar
Author: samachar

"कलम हमेशा लिखती हैं इतिहास क्रांति के नारों का, कलमकार की कलम ख़रीदे सत्ता की औकात नहीं.."

लेटेस्ट न्यूज़