ठाकुर धर्म सिंह ब्रजवासी की रिपोर्ट
मथुरा। एक अनोखा मामला सामने आया है। औरैया की एक लॉ स्टूडेंट ने वृंदावन में भगवान श्रीकृष्ण से शादी कर ली। दुल्हन की तरह सजी रक्षा सोलंकी औरैया जिले के बिधूना कस्बे की रहने वाली है। वह एलएलबी की छात्रा है। जुलाई 2022 में वह अपने पिता रणजीत सिंह सोलंकी के साथ दर्शन करने वृंदावन आई थीं और तभी से उसने भगवान श्रीकृष्ण को अपने पति के रूप में स्वीकार कर लिया। रक्षा ने भगवान कृष्ण की मूर्ति को लेकर मंडप में 7 फेरे लेकर सभी रस्में अदा कीं। इस मौके पर रक्षा सोलंकी के परिवार ने दावत का आयोजन भी किया।
सपने में आ रहे थे श्रीकृष्ण-पिता
रक्षा के पिता रंजीत सिंह सोलंकी ने बताया कि रक्षा जुलाई 2022 से ‘ठाकुर जी’ से शादी करने की जिद कर रही थी। बेटी की भक्ति को देखकर वह उसके अनुरोध को अस्वीकार नहीं कर सका । 11 मार्च को अपने सभी रिश्तेदारों के साथ मथुरा आकर ‘ठाकुर जी’ के साथ रक्षा के विवाह की तैयारियां करने लगा।
औरैया के एक कॉलेज से प्रिंसिपल पद से रिटायर हुए रणजीत सिंह ने कहा कि रक्षा को बहुत दिनों से सपने आ रहे थे जिसमें उसने भगवान श्रीकृष्ण को अपने गले में वरमाला डालते हुए देखा था। तभी से उसने श्रीकृष्ण से ही शादी करने की ठानी।
रक्षा की बहन अनुराधा ने कहा कि रक्षा का विवाह उसके परिवार के सदस्यों और सभी रिश्तेदारों की सहमति से हुआ है। शादी के मौके पर सभी मौजूद थे। अब तो भगवान भी हमारे रिश्तेदार हो गए हैं।
युवती के माता-पिता का भी कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण अब मेरे रिश्तेदार बन गए हैं। वह अब हमारे दामाद के रूप में हैं। इस विवाह की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है। विवाह के फोटो भी काफी वायरल हो रहे हैं।

Author: samachar
"कलम हमेशा लिखती हैं इतिहास क्रांति के नारों का, कलमकार की कलम ख़रीदे सत्ता की औकात नहीं.."