सीमा शुक्ला की रिपोर्ट
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की ने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसकी बर्बरता यहीं नहीं थमी. हत्या करने के बाद भी उसने लाश पर चाकू से कई वार किए। लड़की ने इस वारदात को केवल इसलिए अंजाम दिया क्योंकि महिला उसके प्रेमी को पसंद नहीं करती थी। हैरानी वाली बात ये है कि लड़की ने जिस प्रेमी के लिए मां की हत्या की उसी पर लड़की के साथ रेप और अपहरण करने का आरोप भी है। इस आरोप में वो जेल भी जा चुका है।
सोनू के खिलाफ अपहरण और रेप का आरोप
गौरतलब है कि भिंड की रहने वाली एक महिला अपनी 17 साल की बेटी के साथ हजीरा थाना क्षेत्र के एक इलाके में किराए के कमरे में रहती थी। उसकी लड़की का सोनू नामक युवक ने अपहरण और दुष्कर्म किया था. इस संबंध में महिला ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इस पर पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लड़की को बरामद कर सोनू के खिलाफ अपहरण और रेप का केस दर्ज किया था।
ये बात लड़की की मां को पसंद नहीं थी
सोनू पिछले महीने ही जेल से छूटकर बाहर आया और लड़की से मिलना-जुलना शुरू कर दिया। ये बात लड़की की मां को पसंद नहीं थी, लेकिन बेटी उसकी बात नहीं सुनती थी। वो प्यार की राह में अपनी मां को कांटा समझने लगी थी। इसी के चलते उसने शुक्रवार रात प्रेमी के साथ मिलकर मां को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया और गला घोंटकर मार डाला। हत्या करने के बाद लाश पर चाकू से कई वार भी किए।
दोनों रातभर लाश के साथ ही रहे
हैरानी की बात ये है कि लड़की और उसका प्रेमी रात भर लाश के साथ ही घर में रहे। इस वारदात की भनक लगने पर शनिवार रात मकान मालकिन ने पुलिस को हत्या की सूचना दी।
लड़की ने अपना गुनाह कबूल किया
मौके पर पहुंची पुलिस ने पलंग के नीचे रखी लाश को बरामद किया और पूछताछ शुरू की। इसमें लड़की ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और वारदात में प्रेमी की संलिप्तता भी बताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।

Author: samachar
"कलम हमेशा लिखती हैं इतिहास क्रांति के नारों का, कलमकार की कलम ख़रीदे सत्ता की औकात नहीं.."