चुन्नीलाल प्रधान की रिपोर्ट
महज कुछ घंटों का समय बाकी था, जब काजल की मांग में सुहाग का सिंदूर सजने वाला था। उसने बड़े प्यार से अपने हाथों में रची मेंहदी के बीच अपने पिया का नाम लिखकर छिपाया था। मंडप सजकर तैयार था, बारात आने में कुछ ही देर बाकी थी। काजल, अपने होने वाले दुल्हन की खातिर सजने के लिए ब्यूटी पार्लर में आई थी। लेकिन उसे क्या पता था कि अगले कुछ ही पलों में उसकी सारी खुशियां तहस-नहस हो जाएंगी। एकतरफा प्यार में एक सिरफिरे आशिक ने काजल की नई जिंदगी को शुरू होने से पहले ही खत्म कर दिया। महज 5 मिनटों के भीतर उसने उन सारे सपनों को चकनाचूर कर दिया, जो काजल अपनी शादी के लिए सजाए बैठी थी।
उत्तर प्रदेश के झांसी में रविवार रात को ब्यूटी पार्लर के अंदर घुसकर किए गए काजल हत्याकांड को 48 घंटे बीतने को हैं लेकिन कातिल अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वहीं, काजल की हत्या के मामले में अब कई चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला है कि आरोपी दीपक ने काजल के कत्ल के लिए पूरी प्लानिंग तैयार की थी। वो सोचकर आया था कि या तो काजल उसके साथ चलेगी या फिर जिंदा नहीं रहेगी। कत्ल से पहले वो करीब पांच घंटे तक उस ब्यूटी पार्लर के बाहर टहलता रहा, जिसमें काजल तैयार होने के लिए आने वाली थी। यही नहीं, कत्ल के बाद भागने के लिए भी उसने अपना प्लान तैयार कर रखा था।
एकतरफा प्यार और कत्ल की कहानी
मध्य प्रदेश के दतिया में बरगांय का रहने वाला दीपक अपने पड़ोस की काजल से एकतरफा प्यार करता था। उसने काजल के घरवालों से शादी के लिए कहा, लेकिन ना तो काजल उससे शादी करने के लिए तैयार थी और ना ही परिजन इस रिश्ते के लिए राजी थे।
दीपक लगातार काजल को परेशान करता था। इस बीच उसकी शादी तय हो गई और परिवार ने यूपी के झांसी में निशा मैरिज गार्डन को बुक कर लिया। घर से इतनी दूर शादी करने का मकसद यही था कि काजल की नई जिंदगी पर दीपक की परछाई भी ना पड़े। लेकिन दीपक पहले से ही एक खौफनाक साजिश अपने दिमाग में लिए बैठा था।
दीपक ने काजल की हत्या के लिए ब्यूटी पार्लर के बाहर पांच घंटे तक इंतजार किया और जैसे ही काजल अंदर गई, उसने ब्यूटी पार्लर में घुसकर उसे मार डाला। यह घटना झांसी के लोगों के लिए एक बड़ा सदमा बन गई है।
पुलिस दीपक की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक उसे सफलता नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही दीपक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
काजल की मौत से पहले के वो 5 मिनट
बारात आने में जब कुछ ही देर बाकी थी, काजल अपनी चचेरी बहनों के साथ पास के एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होने के लिए पहुंची। अभी काजल तैयार हो ही रही थी कि ठीक 9 बजकर 41 मिनट पर ब्यूटी पार्लर के दरवाजे पर दस्तक हुई।
दरवाजा खोलते ही दीपक अंदर घुसा और काजल से अपने साथ चलने के लिए कहा। काजल ने इनकार कर दिया तो दीपक उसे साथ ले जाने की जिद पर अड़ गया। इस बीच, ब्यूटी पार्लर की संचालिका ने दीपक को बाहर निकाला और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
छाती पर सटाकर मारी 315 बोर के तमंचे से गोली
अभी कुछ ही पल बीते थे कि ब्यूटी पार्लर के दरवाजे का शीशा टूटने की आवाज आई। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही दीपक शीशा तोड़कर पार्लर के अंदर घुस आया। घड़ी में 9 बजकर 46 मिनट का वक्त था। उसने काजल से फिर पूछा कि वह उसके साथ चलेगी या नहीं।
काजल के ना कहते ही उसने 315 बोर का तमंचा निकाला और उसकी छाती से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही काजल वहीं ढेर हो गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी दौड़े, लेकिन तब तक दीपक तमंचा लहराता हुआ वहां से भाग निकला।
कत्ल के बाद भागने का प्लान भी था तैयार
ब्यूटी पार्लर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि दीपक गोली मारने के बाद सामने की गली में भागता हुआ नजर आया। उसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसने पहले से ही भागने की प्लानिंग कर रखी थी। गली के दूसरी तरफ उसकी बाइक खड़ी थी।
उसने बाइक स्टार्ट की और देखते ही देखते मौके से भाग निकला। पुलिस को मिली एक और सीसीटीवी फुटेज में दीपक के साथ दो युवक दूसरी बाइक पर भागते हुए नजर आए। पुलिस दीपक के साथ-साथ इन दो युवकों को भी तलाश रही है।
परिवार भी हुआ गायब
इस घटना के बाद से दीपक के परिजन भी अपने घर पर ताला लगाकर गायब हो गए हैं। पुलिस ने उनके परिजनों के मोबाइल ट्राइ किए, लेकिन सभी नंबर बंद आ रहे हैं।
पुलिस पूरी तत्परता से दीपक और उसके साथियों की तलाश कर रही है ताकि इस जघन्य अपराध के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Author: samachar
"कलम हमेशा लिखती हैं इतिहास क्रांति के नारों का, कलमकार की कलम ख़रीदे सत्ता की औकात नहीं.."