सशक्त महिला प्रधान, विकसित ग्राम पंचायत….. 

226 पाठकों ने अब तक पढा

अब्दुल मोबीन सिद्दीकी की रिपोर्ट

कुशीनगर। मिशन शक्ति अभियान (पेज-5) के तहत डीपीआरसी कुशीनगर में खड्डा, सेवरही और रामकोला विकासखंड की महिला प्रधानों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर गोरखपुर मंडल के उपनिदेशक हिमांशु शेखर ठाकुर ने कहा कि पंचायतों के सशक्तिकरण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि महिला प्रधान पूरी स्वतंत्रता और आत्मविश्वास के साथ पंचायत कार्यों में भाग लें, तो एक आदर्श ग्राम पंचायत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हर महिला प्रधान को ग्राम पंचायत की बैठकों में अनिवार्य रूप से अध्यक्षता करनी चाहिए और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि किसी भी प्रभावी कार्ययोजना में महिलाओं की भागीदारी आवश्यक है, ताकि ग्राम पंचायतों को महिला हितैषी बनाया जा सके। वरिष्ठ फैकल्टी बृजेश नाथ त्रिपाठी ने इस प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे महिला नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रशिक्षक अजीत तिवारी ने कार्यक्रम की शुरुआत में महिला हिंसा, लैंगिक भेदभाव, पोषण और ग्राम पंचायत विकास योजना की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, वरिष्ठ प्रशिक्षक आशुतोष दुबे ने प्रभावी संचार के तत्वों और नेतृत्व गुणों पर प्रकाश डाला।

प्रशिक्षण में भाग लेने वाली महिला प्रधानों ने अपने अनुभव साझा किए। जिंदा छपरा की प्रधान वंदना गौतम ने कहा कि उन्हें समितियों और उनके कोरम की जानकारी पहले नहीं थी। ग्राम प्रधान मंजू देवी ने स्वीकार किया कि प्रशिक्षण से पहले ग्राम सभा और ग्राम पंचायत के बीच का अंतर स्पष्ट नहीं था। प्रधान ज्ञानती देवी ने कहा कि उन्हें बैठकों में अध्यक्षता करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी नहीं थी, जबकि प्रधान ममता देवी ने ग्राम सभा की वार्षिक चार अनिवार्य बैठकों और पंचायत के कोरम के बारे में प्रशिक्षण के दौरान जाना।

समापन सत्र में उपनिदेशक हिमांशु शेखर ठाकुर ने दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित महिला प्रधानों ने पुष्पगुच्छ और भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों के सहायक विकास अधिकारी और बड़ी संख्या में महिला प्रधान मौजूद रहीं।

samachardarpan24
Author: samachardarpan24

जिद है दुनिया जीतने की

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top