पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. कल्पनाथ राय की सुपुत्री वैष्णवी राय का विवाह सत्यार्थ राय से नई दिल्ली में सम्पन्न। राहुल गांधी, मनोज सिन्हा समेत कई गणमान्य लोगों ने दी शुभकामनाएं।
जगदंबा उपाध्याय की रिपोर्ट
नई दिल्ली में एक गरिमामय अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय कल्पनाथ राय की सुपुत्री वैष्णवी राय अपने जीवन साथी सत्यार्थ राय के साथ वैवाहिक बंधन में बंध गईं। यह शुभ अवसर उनके जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक बना, जिसमें न केवल परिवारजन बल्कि देश की राजनीति और समाज की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
वैवाहिक समारोह की गरिमा इस बात से और बढ़ गई जब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, अचर रंजन चौधरी, सोनिया गांधी के निजी सचिव जार्ज, आज़मगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव, घोसी सांसद राजीव राय, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष विश्वनियय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय समेत अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।
हालाँकि जनपद की जनता, माताओं-बहनों और शुभचिंतकों की शारीरिक उपस्थिति इस वैवाहिक उत्सव में संभव नहीं हो सकी, फिर भी परिवार ने सभी से निवेदन किया कि वे अपने-अपने घरों से नव युगल के सुखद और सफल जीवन की कामना करें एवं अपने आशीर्वचनों से उन्हें अभिसिंचित करें।
डॉ. सुधा राय, वैष्णवी राय की माता एवं स्वर्गीय कल्पनाथ राय की धर्मपत्नी, ने जनपद के लोगों से भावनात्मक आह्वान किया कि वे बेटी को आशीर्वाद देकर इस शुभ अवसर को साझा करें।
राजनीतिक परिवार की इस पारिवारिक खुशी में पूरे क्षेत्र की भावनाएँ जुड़ी हुई हैं। वैष्णवी राय और सत्यार्थ राय की जोड़ी को सभी वर्गों से शुभकामनाएं मिल रही हैं, और यह आयोजन एक सुखद संदेश बनकर उभरा है—कि परंपरा, परिवार और समाज की जड़ें आज भी मजबूत हैं।