– छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती पर रगौली में आयोजित समारोह में सामाजिक न्याय, शिक्षा और राष्ट्रभक्ति पर हुआ व्यापक विमर्श
संजय सिंह राणा की रिपोर्ट
चित्रकूट। कोल्हापुर के प्रखर समाज सुधारक एवं आरक्षण के जनक छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती के अवसर पर रगौली स्थित इंटर कॉलेज में शनिवार को एक भव्य समारोह का आयोजन हुआ। इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बांदा-चित्रकूट के सांसद आर.के. सिंह पटेल ने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज का सम्पूर्ण जीवन सामाजिक समानता और शोषित-वंचितों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समर्पित रहा है।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारें उसी सोच को धरातल पर उतार रही हैं और शाहू जी महाराज के अधूरे सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि दलित समुदाय के रामनाथ कोविंद और आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाना केवल राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इसी क्रम में न्यायपालिका में आरक्षण देकर सरकार ने समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज ने कोल्हापुर राज्य से आरक्षण की ऐतिहासिक शुरुआत कर वंचित समाज को अधिकार दिलाने की दिशा में क्रांति का शंखनाद किया। उन्होंने महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए देश का प्रथम महिला महाविद्यालय स्थापित कर युगांतरकारी पहल की थी।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि मंच से वक्ताओं ने कारगिल विजय दिवस (26 जुलाई) की वीरगाथा को भी याद किया। पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल ने कहा कि जिस प्रकार शाहू जी महाराज ने समाज की विषमता से लड़ते हुए शोषितों के अधिकारों की रक्षा की, उसी प्रकार कारगिल के रणबांकुरों ने दुर्गम पहाड़ियों पर लड़ते हुए मातृभूमि की सीमाओं की रक्षा की थी। उन्होंने कहा कि शाहू जी का संघर्ष और कारगिल शहीदों का बलिदान – दोनों ही आज के भारत के निर्माण में नींव का पत्थर हैं। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने कहा कि शाहू जी महाराज द्वारा शिक्षा का जो दीप जलाया गया था, वह आज समूचे समाज में अमर ज्योति बन चुका है। दलितों-पिछड़ों को सत्ता और विकास में भागीदारी देकर भाजपा सरकारें उनके विचारों को साकार रूप दे रही हैं।
शिक्षा और सम्मान: जिले के टॉपर छात्रों को किया गया पुरस्कृत
समारोह के दौरान यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में टॉपर रहे चित्रकूट जिले के विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सांसद आर. के. सिंह पटेल ने कहा कि शिक्षा ही विकास की असली धुरी है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे मेहनत और लगन से पढ़ाई कर अपने माता-पिता और जनपद का नाम रोशन करें।
सांस्कृतिक कार्यक्रम बना आकर्षण का केंद्र
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत लोकगीत, नृत्य और सामाजिक संदेशों से युक्त अभिनय ने शाहू जी महाराज के विचारों को जीवंत कर दिया।
विशिष्ट जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री केशन ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षाविद जगमोहन सिंह, शिवलाल सिंह राजपूत, रवि त्रिपाठी (विधायक प्रतिनिधि), भाजपा नेता ऋषिकेश सिंह, शक्ति प्रताप सिंह तोमर, राजकुमार त्रिपाठी, सुनील सिंह पटेल, हरी गोपाल मिश्रा, अरुण सिंह बघेल, सुशील कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।